ब्रेकिंग खबरें

ट्रेंडिंग

रीलबाज तीन बहनों ने एक ही लड़के से शादी की: बोलीं- अलग हुए तो मर जाएंगे; एक बीटेक कर रही, 2 इंटर पास

अमरोहा में कैमरामैन से शादी करने वाली रीलबाज तीन बहनें सुर्खियों में हैं। हिंदूवादी संगठन इस शादी का विरोध कर रहे हैं। पुलिस भी एक्टिव हो गई है। गुरुवार दोपहर 1 से 4 बजे तक तीनों दुल्हन और उसके पति से थाने में पूछताछ की गई। बड़ी बहन बीटेक कर रही है। छोटी दोनों बहनें इंटर पास हैं। उन्होंने ने कहा- हमने किसी दबाव में शादी नहीं की है। हम तीनों बालिग हैं। हम यही सोचते थे कि शादी करेंगे तो एक ही घर में करेंगे, लेकिन ऐसा कोई घर नहीं मिला, जहां तीन लड़के हमारी उम्र के हों। इसलिए हमने एक लड़के से शादी कर ली। हम मर जाएंगे, लेकिन अलग नहीं होंगे।

शादी रजिस्टर कराने के सवाल पर कहा- कुछ शादियां रजिस्टर कराने के बाद भी नहीं चलती हैं। हम तो ऐसे ही खुश हैं, अगर कोई हमसे सबूत मांगता है तो फिर देखेंगे। तीनों बहनों ने अपने कैमरामैन से शादी 17 जुलाई को चामुंडा माता मंदिर में की थी। ‘दैनिक भास्कर’ ने तीनों दुल्हनों से बात की।

मंदिर में हवन-पूजन, सात फेरे लिए

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में धौरिया गांव की रहने वाली अल्का (20), देविका (19 साल) और संतोष (18 साल) बहनें हैं। तीनों इंस्टाग्राम-फेसबुक पर वीडियो कंटेंट बनाती हैं। अल्का और संतोष सगी बहने हैं, जबकि देविका उनकी मौसी की बेटी है। देविका बचपन से ही अल्का और संतोष के साथ पली-बढ़ी है। श्यामपुरी गांव का रहने वाला विकास उर्फ विक्कू तीनों बहनों का कैमरामैन है। वह पिछले 6 महीने से तीनों के लिए काम करता था। साथ ही गांव से जुड़ी कहानियों में पति का रोल निभाता था। तीनों बहनों का कहना है कि वह हमेशा से साथ रहना चाहती थीं, लेकिन घर वाले राजी नहीं थे। 17 जुलाई को तीनों ने मंदिर में विकास के साथ शादी कर ली।

परिवार के लोग शादी में शामिल नहीं हुए

मंदिर में कैमरामैन ने बारी-बारी से तीनों की मांग में सिंदूर भरा और दुल्हनों ने पैर छूकर पति का आशीर्वाद लिया। हालांकि, शादी में दोनों परिवारों से कोई शामिल नहीं हुआ। इस शादी का खुलासा तब हुआ, जब बुधवार शाम 5 बजे वीडियो सामने आया। तीनों बहनों ने वीडियो जारी अपना बचाव किया। इसमें कहा- पहले जमाने में राजा दशरथ थे, जिनकी तीन रानियां थीं। फिर हमने क्या गलती की है।

देविका बोलीं- लोग बोलते हैं, हम उन्हें रोक नहीं सकते

दूसरी बहन देविका ने बताया- हम तीनों बहनें साथ हैं। हमें बहुत अच्छा लग रहा है। शादी के बाद हम चारों के बीच कोई दिक्कत नहीं आई। कुछ लोग विरोध कर रहे हैं, बहुत लोग साथ भी दे रहे हैं। बहुत लोग अच्छा बोल रहे हैं, लेकिन कुछ लोग बुरा बोल रहे हैं। लोगों का काम है बोलना। हम उन्हें रोक नहीं सकते।

संतोष बोलीं- हम तीनों मरने से बच गए

तीसरी बहन संतोष का कहना है कि अगर हम अलग हो जाते तो शायद मर जाते। हम मरने से बच गए और एक साथ भी हैं और अब हमेशा साथ ही रहेंगे। घरवाले अलग-अलग शादी करना चाह रहे थे। हमने विकास को इस बारे में बताया था। वह तीनों से शादी करने के लिए राजी हो गया।

माता-पिता के खिलाफ जाकर शादी की

तीनों बहनों ने कहा- हम लोगों ने अपने माता-पिता के खिलाफ जाकर शादी की थी, लेकिन अब वो भी राजी हैं। कुछ हिंदूवादी संगठन सवाल उठा रहे हैं। तो हमारी शादी सनातन के खिलाफ कैसे है? राजा दशरथ भी तो हिंदू थे। उनकी भी तीन शादियां हुई थीं। हम गलत कैसे हो सकते हैं? अगर हम अपराधी हैं तो वे भी गलत थे।

शादी के बाद से ससुराल में रह रहा विकास

बता दें कि अल्का बीटेक सेकंड ईयर की छात्रा है, जबकि देविका और संतोष ने 12वीं पास की है। पिता रमेश किसान हैं। विकास ने इसी साल 12वीं पास किया है। वह अब एलएलबी करना चाहता है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। शादी के बाद ये चारों लोग एक रिश्तेदार के घर पर रह रहे हैं।

सोशल मीडिया की इनकम से चलेगा घर खर्च

शादी के बाद खर्च के सवाल पर तीनों दुल्हनों ने कहा- हमारी सोशल मीडिया से इनकम हो जाती है। आगे और ज्यादा मेहनत करेंगे। हमारे पति के नाम पर कुछ जमीन भी है, जिससे खर्च चल जाएगा। हसनपुर थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि तीन युवतियों ने एक युवक से शादी की है। तीनों युवतियों और युवक को थाने बुलाया गया। उनसे करीब 3 घंटे पूछताछ की गई। बयानों और उम्र संबंधी कागजात की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts