ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

महासमुंद पुलिस की अनोखी पहल: सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को बांटे हेलमेट, 100 लोगों को किया जागरूक

सरायपाली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने सरायपाली व्यापारी महासंघ के सहयोग से एक अनूठी पहल की। थाना सरायपाली परिसर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान करीब 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए, जिनमें अधिकांश लाभार्थी सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन थे।

 कार्यक्रम का आयोजन अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) ललिता मेहर के नेतृत्व में किया गया। इसमें सरायपाली व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की सबसे भावुक कड़ी उन परिवारों की मौजूदगी रही, जिन्होंने सड़क हादसों में अपने प्रियजनों को खो दिया है। इन परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।

 हेलमेट वितरण के साथ दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कवच है।” उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से लोगों की मौत होती है, जबकि हेलमेट पहनने से मृत्यु और गंभीर चोट का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की भी अपील की।

सरायपाली व्यापारी महासंघ के प्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा जैसे जनहित के मुद्दों पर वे भविष्य में भी पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को भी हेलमेट भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वयं हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा परिचितों को भी नियमित रूप से हेलमेट के उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

What's your reaction?

Related Posts