रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने बकाया राजस्व की वसूली के लिए सभी जोनों में अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीमें लगातार बकायादारों से संपर्क कर वसूली की कार्रवाई कर रही हैं। बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों की संपत्तियों को सीलबंद किया जा रहा है। सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही कई बड़े बकायादारों ने मौके पर ही पूरी बकाया राशि जमा कर दी।
उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और सभी जोन कमिश्नरों की निगरानी में सहायक राजस्व अधिकारियों की टीमों द्वारा राजस्व वसूली की लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है।
जोन क्रमांक 5 के राजस्व विभाग ने वार्ड क्रमांक 40 में 6 लाख 18 हजार रुपये के बड़े बकायादार अमरपाल सिंह द्वारा राशि जमा नहीं करने पर संबंधित संपत्ति को सीलबंद करने की कार्रवाई की।
जोन क्रमांक 4 के स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक 44 स्थित रामदेव मार्केट में प्रमोद कुमार राव के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई के दौरान उन्होंने तत्काल 1 लाख 88 हजार 180 रुपये की पूरी बकाया राशि निगम को जमा कर दी।
इसी जोन के वार्ड क्रमांक 44 में श्रीमती पद्मादेवी एवं अन्य पर वर्ष 2021 से 5 लाख 28 हजार 176 रुपये की राशि बकाया थी। भुगतान नहीं किए जाने पर संबंधित संपत्ति को सीलबंद कर दिया गया। इसी वार्ड में वर्ष 2019-20 से 5 लाख 4 हजार 762 रुपये के बकायादार के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
जोन क्रमांक 7 के राजस्व विभाग ने स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक 38 के चौबे कॉलोनी क्षेत्र में वर्ष 2020-21 से 11 लाख 82 हजार 544 रुपये के बड़े बकायादार भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर की संबंधित संपत्ति को बकाया राशि जमा नहीं किए जाने पर सीलबंद कर दिया।
वहीं जोन क्रमांक 7 के वार्ड क्रमांक 22 में पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही बकायादार ने मौके पर 1 लाख 23 हजार 11 रुपये की पूरी बकाया राशि जमा कर दी।
जोन क्रमांक 4 के वार्ड क्रमांक 44 में वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक 69 हजार 158 रुपये के बकायादार शान्ति लाल बरलोटा द्वारा राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधित संपत्ति को तत्काल सीलबंद कर दिया गया।
इसी तरह जोन क्रमांक 5 में एक बड़े बकायादार की संपत्ति सीलबंद किए जाने के बाद मौके पर ही 6 लाख 14 हजार 909 रुपये की पूरी बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया।
नगर निगम जोन क्रमांक 6 की राजस्व विभाग की टीम ने भी विभिन्न संपत्तियों के बकाया राजस्व का भुगतान नहीं किए जाने पर उन्हें सीलबंद करने की कार्रवाई की।
नगर निगम के इस अभियान से स्पष्ट है कि बकाया राजस्व की वसूली को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सीलिंग की कार्रवाई के बाद कई बकायादारों द्वारा तत्काल पूरी राशि जमा किए जाने से निगम के राजस्व संग्रहण अभियान को गति मिली है।


















