छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है. यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर जाने की संभावना है.
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
मौसम विभाग की अलग चेतावनी के अनुसार बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से सीमांत भारी बारिश की संभावना है. सीमांत भारी बारिश का मतलब 24 घंटे में 204.5 मिलीमीटर या उससे ज्यादा बारिश है.
बीते 24 घंटे में कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 9 फीसदी कम रही.
बारिश के आंकड़ों में अंबिकापुर में 64.8 मिमी और लालपुर (रायपुर) में 58 मिमी बारिश दर्ज की गई. माना एयरपोर्ट पर 28.9 मिमी बारिश हुई. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रारोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा.


















