छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने CGPSC 2025 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल कुल 3,921 अभ्यर्थियों में से 608 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। CGPSC 2025 की मुख्य परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक किया गया था। परीक्षा में कुल 3,921 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अब आयोग ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए 608 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया है।
608 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चयनित
छत्तीसगढ़ राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के रिजल्ट के आधार पर आयोग द्वारा कुल 3921 अभ्यर्थियों का राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के लिए चयन हुआ था. लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित की गई थी. मुख्य परीक्षा परिणाम वर्गवार और उपवर्गवार जारी किए गए हैं जिन्होंने अर्हकारी अंक हासिल किए हैं. 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है.

कब इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा?
CGPSC मेंस 2025 का रिजल्ट जारी करने के साथ-साथ इंटरव्यू की संभावित तारीख का ऐलान भी कर दिया गया है. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अनुसार 21 सितंबर 2026 से साक्षात्कार शुरू हो सकते हैं. इसके साथ ही चयनित अभ्यर्थियों के लिए निर्देश भी जारी किए गए हैं.
बताया गया है कि अभ्यर्थियों को अपने साक्षात्कार दिनांक से एक दिन पहले मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में उपस्थित होना होगा. जिन अभ्यर्थियों द्वारा साक्षात्कार दिनांक के एक दिन पूर्व दस्तावेज सत्यापन नहीं करवाया जाएगा, उन्हें इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा.
अग्रमान्यता फॉर्म जमा करना होगा
साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों को अग्रमान्यता फॉर्म जमा करना होगा. आयोग की वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर उपलब्ध लिंक का प्रयोग कर उस पर जानकारी अपडेट करना होगा. कमीशन की ओर से कहा गया है कि साक्षात्कार के लिए अलग से ऑफिशियल वेबसाइट पर जानकारी शेयर की जाएगी. इसके साथ ही अभ्यर्थियों को नियमित तौर पर वेबसाइट विजिट करने के लिए कहा गया है.


















