ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

बिल नहीं भरा तो सरकारी दफ्तरों की बत्ती गुल, कई नोटिस के बाद बिजली विभाग ने काटे कनेक्शन

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सरकारी विभागों और संस्थानों पर बिजली विभाग का करोड़ों रुपये का बकाया सामने आया है। जिले के 39 शासकीय कार्यालयों और संस्थानों पर करीब 16 करोड़ रुपये का बिजली बिल लंबित है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के बाद बिजली विभाग ने अब सख्त कार्रवाई करते हुए इन सभी संस्थानों के स्मार्ट मीटर से ऑनलाइन कनेक्शन काट दिए हैं।

अकेले नगर पालिका पर 7 करोड़ से ज्यादा बकाया

बिजली विभाग के बकाया बिल में सबसे बड़ी राशि नगर पालिका कोंडागांव की है। नगर पालिका पर 7 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है। इसके अलावा जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों और संस्थानों पर भी लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान लंबित है।

स्मार्ट मीटर से ऑनलाइन काटे कनेक्शन

बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर बिजली विभाग ने 39 शासकीय कार्यालयों और संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन कार्यालयों में लगे स्मार्ट मीटर के जरिए ऑनलाइन बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। स्मार्ट मीटर की ऑनलाइन व्यवस्था के कारण विभाग को मौके पर जाकर कनेक्शन काटने के बजाय दूर से ही बिजली आपूर्ति बंद करने की सुविधा मिली।

बिजली विभाग ने जून 2026 का आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि कई सरकारी विभागों के 1.57 लाख से ज्यादा बिजली कनेक्शनों पर 3035.37 करोड़ रुपये बकाया है. बकाया वसूली को लेकर अब पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने सख्‍त कार्रवाई शुर कर दी है.

कार्रवाई में शामिल है ये विभाग

कार्रवाई की जद में जल संसाधन, राजस्व, पुलिस, वन, परिवहन, कृषि, न्यायालय, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई विभाग शामिल हैं. हालांकि नगर पालिका के पानी सप्लाई पंप हाउस और स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन फिलहाल चालू हैं. लेकिन अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो इन पर भी कार्रवाई हो सकती है.

विभागों को कई बार दिए बकाया राशि जमा करने के नोटिस

इस सम्बंध में कनिष्ठ अभियंता विजेंद्र कुमार ने बताया शासकीय विभागों पर लंबे समय से बिजली बिल की राशि बकाया थी. संबंधित विभागों को कई बार पत्राचार के माध्यम से समय पर बिजली बिल राशि जमा करने के लिए कहा गया था. इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया. इसी वजह से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 39 शासकीय कार्यालयों और संस्थानों की बिजली सप्लाई बंद की गई है.

बकाया राशि जमा होने के बाद नियमानुसार कनेक्शन बहाल कर दिए जाएंगे. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है की समय रहते यदि आप बिजली बिल का भुगतान कर देंगे तो आपको ऐसी सुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा.

What's your reaction?

Related Posts