रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज 3 नवंबर को नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में भव्य समापन होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
राज्य अलंकरण समारोह रहेगा मुख्य आकर्षण
राज्योत्सव के अंतिम दिन आयोजित होने वाले समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण राज्य अलंकरण सम्मान समारोह होगा। इसमें साहित्य, कला, संस्कृति, समाज सेवा, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं और विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी अंतिम शाम
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री सम्मानित पंडवानी गायिका उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य भी अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
राज्य अलंकरण से होगा प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा राज्य अलंकरण समारोह होगा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों जैसे साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, समाज सेवा, विज्ञान, कृषि और शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान राज्य की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है.
अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज का दौरा काफी व्यस्त रहेगा. वे आज दोपहर 2:40 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से सीधे वे दोपहर 3 बजे पंडरी स्थित एक निजी हॉस्पिटल के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 4:50 बजे वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे, जहां विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे. पार्क के लोकार्पण के बाद शाम 6 बजे वे सीधे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और रात 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद रात 8:20 बजे वे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष तैयारी की गई है. मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर के कलाकार छत्तीसगढ़ी और मध्य भारतीय लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे. शाम 6:30 बजे छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्मश्री उषा बारले अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी. शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह चलेगा. इसके बाद रात 9 बजे से बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे. इसके अलावा शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से 10 अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी.रायपुर की प्रसिद्ध गायिका आस्था भट्ट भजन गायन प्रस्तुत करेंगी. पूरे राज्योत्सव मैदान को रंग-बिरंगी रोशनी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीकों से सजाया गया है.


















