छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अब तूफान मुरासु का असर देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेजी से ताकतवर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान मुरासु ने 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर दस्तक दी। इसके प्रभाव से तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की स्थिति बनी हुई है।
गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला मुरासु
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ मुरासु पहले डीप डिप्रेशन के रूप में सक्रिय था। इसके बाद इसकी ताकत बढ़ी और यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया। तूफान के दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान था।
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में ज्यादा असर
तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई है। समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
9 जिलों में यलो अलर्ट
आज कांकेर-धमतरी समेत प्रदेश के 9 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग यानी कि, IMD ने 2 से 4 नवंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, 3 और 4 तारीख को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.
कई राज्यों में दिखेगा असर
तूफान मुरासु जल्द आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा. इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों में 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. तूफान के टकराने से पहले ही इसका असर कई राज्यों में दिखना शुरू हो जाएगा. तूफान के असर से 2 और 3 नवंबर को कोस्टल आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
किसानों की बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ के किसान तूफान अर्नब द्वारा मचाई गई तबाही से अभी उभरे नहीं थे कि, मुरासु राज्य में एंट्री लेने जा रहा है. अब दोबारा बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. हाल ही में सरकार ने किसानों के लिए मुआवजा देने की भी घोषणा की है.


















