ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

छत्तीसगढ़ में सर्दी की दस्तक, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन; अगले 2 दिन मौसम रहेगा शुष्क

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है और ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सरगुजा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बलरामपुर-रामानुजगंज में पारा 13.4 डिग्री और बालोद में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मैदानी इलाकों की तुलना में उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में ठंड का प्रभाव अधिक देखने को मिल रहा है।

अंबिकापुर में रात का तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। दुर्ग में भी न्यूनतम तापमान 15.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। बेमेतरा में 14.9°C, कबीरधाम में 15°C, बस्तर में 15.2°C, मुंगेली और सूरजपुर में 15.5°C और कोरबा में 15.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बन रहा है। हालांकि, इसका असर छत्तीसगढ़ में कम ही देखने को मिलेगा। अगले 2 दिन प्रदेश में मौसम ड्राई रहेगा।

रायपुर में ऐसा रहा मौसम

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.9°C और न्यूनतम तापमान 18°C दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से 0.2°C अधिक रहे। वहीं आज रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रह सकता है।

अंबिकापुर में रातें सबसे ठंडी

प्रदेश के प्रमुख शहरों में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2°C कम है। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 15.2°C रहा। माना एयरपोर्ट पर रात का तापमान 15.8°C और बिलासपुर में 17.4°C दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों में उसी क्षेत्र में अवदाब बनने की संभावना है। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।

हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर पड़ने का अनुमान नहीं है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम ड्राई रहने की संभावना है।

What's your reaction?

Related Posts