छत्तीसगढ़ में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से 60 नई दमकल गाड़ियां खरीद रही है। इन वाहनों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक महीने में इनके फायर स्टेशनों तक पहुंचने की उम्मीद है। लेकिन नई गाड़ियों की खरीद के बीच एक बड़ी समस्या सामने आ रही है। इन दमकल वाहनों को चलाने के लिए विभाग के पास पर्याप्त ड्राइवर और ऑपरेटर ही नहीं हैं।
दरअसल, वर्ष 2016 में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग का गठन होने के बाद से अब तक एक बार भी नियमित भर्ती नहीं हुई है। इस दौरान विभाग ने पांच बार दमकल वाहनों की खरीदी जरूर की, लेकिन कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए नियमित नियुक्तियां नहीं हो सकीं। नतीजतन, संसाधनों में बढ़ोतरी तो होती रही, लेकिन उन्हें संचालित करने के लिए जरूरी मानव संसाधन का अभाव बना हुआ है।
पहली बार 100 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू
विभाग में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए अब पहली बार करीब 100 ड्राइवरों और ऑपरेटरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में ही है। स्थिति यह है कि दमकल गाड़ियों की खरीदी टेंडर तक पहुंच चुकी है, लेकिन भर्ती के लिए अब तक लिखित परीक्षा भी आयोजित नहीं हो सकी है।
गाड़ियां आएंगी, तो कौन चलाएगा?
करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे जा रहे 60 नए दमकल वाहनों के जल्द फायर स्टेशनों तक पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पर्याप्त ड्राइवर और ऑपरेटरों की नियुक्ति से पहले इन वाहनों का संचालन कैसे होगा।
विभाग का दावा है कि नवंबर में परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद परिणाम, चयन और नियुक्ति में भी समय लगेगा। यानी नई गाड़ियां आने तक ड्राइवर मिलने की संभावना कम है। ऐसे में करोड़ों के नए वाहन भी खड़े रह सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले 10 साल में विभाग ने लगातार दमकल वाहनों की संख्या बढ़ाई, लेकिन उन्हें चलाने और आग बुझाने के लिए जरूरी नियमित अमले की व्यवस्था नहीं की। फिलहाल पुलिस और नगर सेना से मिले कर्मचारियों के भरोसे काम चल रहा है। फायरमैन का चयन भी हाल ही में हुआ है, लेकिन उनकी ट्रेनिंग अभी बाकी है।
राजधानी रायपुर में ही दमकल वाहनों और ड्राइवरों की कमी का अंदाजा लगाया जा सकता है। यहां करीब 14 दमकल गाड़ियां हैं और इन्हें चलाने के लिए इतने ही ड्राइवर हैं। जबकि तीन शिफ्ट में एक वाहन चलाने के लिए कम से कम तीन ड्राइवर चाहिए। इस हिसाब से 14 गाड़ियों के लिए 42 ड्राइवरों की जरूरत है, लेकिन उपलब्ध सिर्फ एक तिहाई हैं। इसके बावजूद रायपुर के लिए 12 से 15 नई दमकल गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। इनके आने के बाद ड्राइवरों की जरूरत और बढ़ जाएगी। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी कमोबेश यही स्थिति है।
ऊंची इमारतों की सुरक्षा पर संकट: हाइड्रोलिक वाहन भी एक्सपायर
वर्ष 2016 में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग का गठन हुआ। तब नगरीय निकायों के अग्निशमन केंद्र, वाहन और संसाधन नए विभाग को सौंपे गए। निकायों से करीब 60 से 70 दमकल गाड़ियां मिली थीं। इनमें कई वाहन काफी पुराने और कबाड़ होने की स्थिति में थे। वैसे बहुमंजिला इमारतों में आग बुझाने और रेस्क्यू के लिए प्रदेश में उपलब्ध एकमात्र हाइड्रोलिक फायर फाइटर की निर्धारित आयु भी समाप्त हो चुकी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अब नया हाइड्रोलिक वाहन खरीदने पर 24 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होंगे।


















