ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

सूर्योदय का अद्भुत नजारा! युवाओं की पहली पसंद बना छत्तीसगढ़ का मटनार हिल

बस्तर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरे-भरे जंगलों, पहाड़ियों और मनमोहक पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है। यहां के प्राकृतिक स्थलों की ओर युवाओं और पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक का मटनार हिल इन दिनों युवाओं की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है।

ब्लॉक मुख्यालय लोहण्डीगुड़ा से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मटनार हिल अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों को आकर्षित कर रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा और पर्यटक पहुंच रहे हैं और पहाड़ी की खूबसूरती, शांत वातावरण तथा चारों ओर फैले प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं।

मटनार हिल की हरियाली और पहाड़ी से दिखाई देने वाला मनोरम दृश्य लोगों को खासा आकर्षित करता है। शहर और रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए यह जगह पसंदीदा ठिकाना बनती जा रही है।

बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मटनार हिल जैसे प्राकृतिक स्थल क्षेत्र की खूबसूरती को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जरूरत है कि ऐसे पर्यटन स्थलों को बेहतर पहचान और सुविधाएं मिलें, ताकि स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकें।

सूर्योदय पर पहाड़ी से आसपास का प्राकृतिक दृश्य बेहद आकर्षक

मटनार हिल की खासियत यहां से दिखाई देने वाला सुबह का खूबसूरत नजारा है. सूर्योदय के समय पहाड़ी से आसपास का प्राकृतिक दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देता है. इस नजारे को करीब से देखने के लिए युवा एक दिन पहले ही यहां पहुंचकर नाइट कैंपिंग भी कर रहे हैं. रात पहाड़ी पर बिताने के बाद सुबह सूरज की पहली किरणों के साथ प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेना युवाओं के लिए खास अनुभव बन रहा है.

खासकर युवा वर्ग यहां दोस्तों के साथ घूमने और प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने पहुंच रहा है. छुट्टी और वीकेंड के दिनों में यहां लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. सोशल मीडिया पर भी प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के प्रति बढ़ते रुझान के चलते मटनार हिल युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है. स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यह स्थल आने वाले दिनों में बस्तर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकता है.

What's your reaction?

Related Posts