ब्रेकिंग खबरें

व्यापार

12 साल बाद थमा TVS स्टार सिटी प्लस का सफर

भारतीय टू-व्हीलर बाजार में एक और पुरानी बाइक का सफर खत्म होता नजर आ रहा है. TVS मोटर ने अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक स्टार सिटी प्लस को बंद कर दिया है. साल 2014 में लॉन्च हुई इस बाइक ने करीब एक दशक तक बाजार में अपनी जगह बनाए रखी. हालांकि, पिछले कई सालों से इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया था. अब कंपनी ने इसे अपने आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया है. टीवीएस मोटर्स ने स्टार सिटी प्लस को साल 2014 में पहली बार भारतीय बाजार में पेश किया था. यह कंपनी की 110 सीसी कम्यूटर बाइक रेंज की सबसे किफायती बाइक्स में थी. इसी प्लेटफॉर्म पर कंपनी की Radeon और Sport बाइक भी तैयार की गई हैं. हालांकि, स्टार सिटी प्लस के बंद होने के बाद भी Radeon और Sport की बिक्री होती रहेगी. ये दोनों बाइक अभी भी कंपनी के पोर्टफोलियो में मौजूद हैं.

बीते कुछ सालों से स्टाइ सिटी प्लस की डिमांड कम हुई थी. इस बाइक को लंबे समय से कोई बड़ा अपडेट भी नहीं मिला था. आखिरी बार तकरीबन 5 साल पहले कंपनी ने इसके अपडेटेड मॉडल को लॉन्च किया था. उस दौरान कंपनी ने इसे BS6 एमिशन नियमों के अनुसार अपडेट किया था. माना जा रहा है कि कंपनी ने घटती लोकप्रियता और अपने ही पोर्टफोलियो में मौजूद दूसरे मॉडल Radeon से मिलती-जुलती खूबियों के चलते इसे बंद करने का फैसला लिया है.

TVS स्टार सिटी प्लस में 109.7cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया था. यह इंजन 8.2hp की पावर और 8.7Nm का टॉर्क जनरेट करता था. इंजन को 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया था. यह बाइक खासतौर पर रोजाना आने-जाने और बेहतर माइलेज वाली कम्यूटर बाइक तलाशने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाई गई थी. एंट्री-लेवल कम्यूटर बाइक होने के बावजूद TVS स्टार सिटी प्लस में कई उपयोगी फीचर्स दिए गए थे. इसमें LED हेडलैंप, USB चार्जर और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता था. इसके अलावा बाइक के पिछले हिस्से में 5-स्टेप एडजस्टेबल प्रीलोड वाला शॉक एब्जॉर्बर दिया गया था. इसकी मदद से जरूरत के हिसाब से सस्पेंशन सेटिंग को बदला जा सकता था. इस बाइक की आखिरी रिकॉर्डेड प्राइस 72 हजार रुपये (एक्स-शोरूम) थी.

स्प्लेंडर को देती थी चुनौती

100 सीसी सेगमेंट में आने के चलते इस बाइक का सीधा मुकाबला सेगमेंट की लीडर हीरो स्प्लेंडर से था. तकरीबन 12 साल पहले यानी साल 2014 के गर्मियों की शुरुआत में इस बाइक को इंडियन मार्केट में पहली बार लॉन्च किया गया था. उस वक्त इसकी शुरुआती कीमत महज 44,000 रुपये थी. कम कीमत, बेहतर माइलेज और लो-मेंटनेंस के चलते ये बाइक सीधे तौर पर हीरो स्प्लेंडर को टक्कर देती थी. 

What's your reaction?

Related Posts