ब्रेकिंग खबरें

धर्म एवं साहित्यज्योतिष

शनि की ढैय्या से इन दो राशियों की बढ़ेंगी परेशानियां, जानें बचाव के उपाय

शनि की साढ़ेसाती के बारे में तो आपने कई बार सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शनि की ढैय्या भी ज्योतिष में काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है? शनि की एक ऐसी स्थिति है, जिसे जीवन में कई तरह के उतार-चढ़ाव से जोड़कर देखा जाता है। इस समय सिंह और धनु राशि पर शनि की ढैय्या चल रही है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इन दोनों राशियों के जातकों को अगले कुछ समय तक अपने कामकाज, आर्थिक मामलों और पारिवारिक जीवन में सावधानी बरतनी चाहिए। आइए जानते हैं शनि की ढैय्या क्या होती है और किन मामलों में इसका असर देखने को मिल सकता है।

क्या होती है शनि की ढैय्या?

ज्योतिष शास्त्र में शनि की ढैय्या की गणना चंद्र राशि के आधार पर की जाती है। जब शनि जन्म राशि से चौथे या आठवें भाव में गोचर करते हैं, तो इसे ढैय्या कहा जाता है। इसकी अवधि करीब ढाई साल होती है। चौथे भाव में शनि की स्थिति को कंटक शनि और आठवें भाव में अष्टम शनि कहा जाता है। मान्यता है कि इस दौरान व्यक्ति को कामकाज में देरी, पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक मामलों में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता। जन्मकुंडली में शनि की स्थिति और दूसरी ग्रह दशाएं भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सिंह राशि वालों पर अष्टम शनि का प्रभाव

सिंह राशि के जातकों के लिए शनि आठवें भाव में गोचर कर रहे हैं। ज्योतिष में इसे अष्टम शनि की स्थिति कहा जाता है। इस दौरान जातकों को अपने कामकाज में विशेष सावधानी रखने की सलाह दी जाती है। नौकरीपेशा लोगों को किसी भी काम में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। कारोबार करने वाले जातकों को लेन-देन और निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए। पारिवारिक जीवन में भी छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव हो सकता है। ऐसे में बातचीत के दौरान संयम रखना जरूरी होगा। किसी भी परेशानी में जल्दबाजी में फैसला लेने से बचें।

धनु राशि वालों के लिए क्यों खास है यह समय?

धनु राशि से चौथे भाव में शनि का गोचर हो रहा है। इसे कंटक शनि कहा जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इसका असर घर-परिवार, सुख-सुविधाओं और मानसिक शांति पर पड़ सकता है। घर से जुड़े कामों में देरी हो सकती है। प्रॉपर्टी या वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को सभी जरूरी पहलुओं की जांच करनी चाहिए। इस दौरान पारिवारिक जिम्मेदारियां भी बढ़ सकती हैं। काम और घर के बीच तालमेल बैठाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में धैर्य से काम लेना बेहतर रहेगा।

इन 3 राशियों पर भी चल रही है शनि की साढ़ेसाती

शनि के मीन राशि में गोचर करने से मेष, कुंभ और मीन राशि के जातक साढ़ेसाती से प्रभावित हैं। कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का अंतिम चरण चल रहा है। मीन राशि पर दूसरा और मेष राशि पर पहला चरण है। साढ़ेसाती और ढैय्या दोनों की गणना चंद्र राशि के आधार पर होती है। इसलिए केवल अपनी नाम राशि के आधार पर इनके प्रभाव का आकलन नहीं करना चाहिए।

दिसंबर में बदल जाएगी शनि की चाल

शनि इस समय मीन राशि में वक्री अवस्था में हैं। 27 जुलाई 2026 को शनि वक्री हुए थे। अब 11 दिसंबर 2026 को शनि मार्गी होंगे। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, शनि की चाल बदलने से सभी राशियों पर उनके प्रभाव में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, शनि मार्गी होने का अर्थ यह नहीं है कि साढ़ेसाती या ढैय्या समाप्त हो जाएगी। शनि मीन राशि में ही रहेंगे। उनका अगला राशि परिवर्तन 3 जून 2027 को होगा।

What's your reaction?

Related Posts