छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना जताई है। इसी बीच सक्ती जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, खेत में काम कर रहे एक दंपती पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बसंतपुर गांव की घटना
घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव की है. मृतकों की पहचान आनंद राम माली (50) और उनकी पत्नी धोबनीन माली (45) के रूप में हुई है. दोनों ही गुरुवार के दिन अपने खेत में काम कर रहे थे इसी दौरान अचानक बादल आ गए और तेज बारिश शुरू हो गई. तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर जा गिरी और मौके पर ही दंपति की मौत हो गई.
पुलिस को दी गई हादसे की जानकारी
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और ग्रामीण पहुंचे. पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम का माहौल है. स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री है.
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं प्राकृतिक आपदा राहत के तहत नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. दूसरी तरफ मौसम विभाग ने लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से लोगों से खेतों में काम करने और पड़ों के नीचे न छिपने की अपील की है.

















