ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

पं. रविशंकर विश्वविद्यालय में बी.वोक पाठ्यक्रम में प्रवेश शुरू, 12वीं पास कर सकते हैं आवेदन

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी. वोक (जेम एंड ज्वेलरी इंडस्ट्री प्रोफेशनल) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। भूविज्ञान एवं जल प्रबंधन अध्ययन शाला द्वारा संचालित यह तीन वर्षीय कौशल आधारित स्नातक पाठ्यक्रम रत्न एवं आभूषण उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जेमोलॉजी, डायमंड ग्रेडिंग, जेमस्टोन आइडेंटिफिकेशन, ज्वेलरी क्वालिटी इवैल्यूएशन, आधुनिक रत्न परीक्षण तकनीकों के साथ-साथ उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही व्यावसायिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थियों के लिए रत्न एवं आभूषण उद्योग, हीरा क्षेत्र, जेम टेस्टिंग प्रयोगशालाओं, गुणवत्ता परीक्षण संस्थानों, उद्यमिता और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं उपलब्ध होंगी।

विश्वविद्यालय ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के पूर्व विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित रत्न एवं आभूषण उद्योगों, हीरा एवं रत्न परीक्षण प्रयोगशालाओं तथा जयपुर स्थित जीजेईपीसी (GJEPC) समर्थित जेम टेस्टिंग लैब सहित कई अग्रणी संस्थानों में कार्यरत हैं। वर्तमान बैच के छात्रों को भी विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में इंटर्नशिप और उद्योग प्रशिक्षण का अवसर मिल रहा है।

विश्वविद्यालय का कहना है कि प्रदेश के जेम एवं ज्वेलरी उद्योग से जुड़े उद्यमियों और विशेषज्ञों के सहयोग से विद्यार्थियों को उद्योग से सीधे जुड़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी विषय से 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने इच्छुक विद्यार्थियों से जल्द आवेदन करने की अपील की है, क्योंकि पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या सीमित है।

What's your reaction?

Related Posts