ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़शिक्षा एवं रोजगार

बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर की परीक्षा निरस्त

रायपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीयू) में पेपर लीक और पोर्टल हैकिंग मामले का असर अब परीक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर की पहले आयोजित परीक्षा को निरस्त करते हुए 27 जुलाई से दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद छात्रों में नाराजगी है और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

जानकारी के अनुसार, मई माह में विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल में हैकिंग की आशंका सामने आई थी। आरोप था कि हैकर्स ने परीक्षा और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों तक पहुंच बना ली थी। आशंका जताई गई थी कि विश्वविद्यालय के करीब 32 विभागों के प्रश्नपत्र और अन्य संवेदनशील दस्तावेज प्रभावित हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तत्काल बैठक कर जांच शुरू कराई थी।

विश्वविद्यालय ने मामले की जांच के लिए प्रो. एस.सी. श्रीवास्तव, प्रो. मुकेश कुमार सिंह, प्रो. खेमचंद देवांगन, प्रो. भारती अहिरवार और सहायक कुलसचिव टी.पी. सिंह सहित एक आंतरिक जांच समिति गठित की थी। इसके अलावा केंद्र स्तर से भी एक उच्च स्तरीय जांच टीम बिलासपुर पहुंची। जांच के दौरान पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी और प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर की पूरी परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया।

विश्वविद्यालय ने अब 27 जुलाई से दोबारा परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। हालांकि इस निर्णय से छात्र असंतुष्ट हैं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बीए एलएलबी छठे सेमेस्टर के विद्यार्थी प्रशासनिक भवन पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया। छात्रों का कहना है कि यदि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होते रहेंगे तो उन्हें बार-बार परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

What's your reaction?

Related Posts