बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, डीप डिप्रेशन के आगे बढ़ने के साथ ही तेज हवाएं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने प्रभावित राज्यों के प्रशासन को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
IMD के मुताबिक, इसके अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की बहुत संभावना है। इस मौसमी प्रणाली के कारण अगले 3 दिनों के दौरान देश के मध्य हिस्सों में मॉनसून के अत्यंत सक्रिय रहने की संभावना है। साथ ही, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के अगले 3 दिनों में गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं।
झारखंड में हो रही झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने इस डीप डिप्रेशन का असर पूरे झारखंड और ओडिशा में व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है और शनिवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार तक लगातार जारी रहा। IMD के अनुसार, झारखंड के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि, मौसम सुहावना हो गया है। IMD ने 6 से 9 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी करते हुए बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
इन इलाकों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, सोमवार को छत्तीसगढ़ और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 6 और 7 जुलाई को कोंकण, गोवा, गुजरात राज्य और तटीय कर्नाटक में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने 6 से 8 जुलाई के लिए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, कोकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल और हिमालयी राज्यों सिक्किम, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भा भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई हैष।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में अगले 4 दिनों तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही 6 और 7 जुलाई यानी सोमवार और मंगलवार को राजधानी के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकती है। वैसे राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की सुबह अपेक्षाकृत ठंडी रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के सफदरजंग स्थित मुख्य केंद्र ने न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
मुंबई, ठाणे समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में फ्लैश फ्लड का खतरा
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे समेत महाराष्ट्र और गुजरात के कई क्षेत्रों में अचानक भारी बारिश होने और बाढ़ आने की चेतावनी दी है। IMD ने कहा है कि मुंबई शहर, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिले समेत मध्य महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, कोल्हापुर, सांगली और अहमदनगर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसकी वजह से इन इलाकों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) आ सकती है। विभाग के मुताबिक, गुजरात के वलसाड, नवसारी और सूरत जिलों में भी अगले एक दो-तीन दिनों में ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। इसके अलावा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, वर्क फ्रॉम होम
महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए निजी कार्यालयों को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी है। इसके साथ ही गैर-आवश्यक और अर्ध-सरकारी कार्यालयों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह परामर्श भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किए जाने के बाद आया है, जिसमें राज्य की राजधानी और पड़ोसी ठाणे तथा रायगढ़ जिलों में 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ अत्याधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।
पिछले 24 घंटों में रिकॉर्डतोड़ बारिश
IMD ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। महाराष्ट्र के लोनावला में 67 सेमी और महाबलेश्वर में 51 सेमी बारिश हुई है। इसके अलावा ओडिशा के सोनपुर और कोंकण के दापोली में 33 सेमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका है। इसलिए मछुआरों को विशेष चेतावनी दी गई है और उन्हें 7 जुलाई तक बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों के पास न नहीं जाने की सलाह दी गई है।


















