केंद्र सरकार ने बायोगैस उत्पादन को बढ़ावा देने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकीकृत ‘गोबरधन’ (GOBARdhan) योजना को मंजूरी दे दी है। करीब 23,731 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना को अगले दस वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। योजना के तहत देश में बायोगैस उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) में बायोगैस के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सरकार की योजना सीएनजी और पीएनजी में पांच प्रतिशत तक बायोगैस मिलाने की है। इससे पारंपरिक जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और कृषि एवं पशुधन आधारित अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी। योजना के तहत कृषि अपशिष्ट, गोबर, जैविक कचरा, अन्य बायोमास संसाधनों को स्वच्छ ईंधन, जैविक खाद में बदला जाएगा। इससे शहरी गैस वितरण कंपनियां बायोगैस खरीदना शुरू करेंगी। इसके बाद वित्त वर्ष 2026-27 में तीन प्रतिशत, 2027-28 में चार प्रतिशत और 2028-29 से आगे पांच प्रतिशत बायोगैस सीएनजी और पीएनजी में मिलाई जाने लगेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गोबरधन योजना का मकसद घरेलू संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) उत्पादन को दस गुना से अधिक कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है।
गन्ना-चावल से देश में बनता है इथेनॉल: कांग्रेस
कांग्रेस ने केंद्र पर आरोप लगाया है कि ई-20 को जल्दबाजी में लागू किया गया है। इससे जल संसाधनों व खाद्य सुरक्षा पर प्रभावों को अनदेखा किया गया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, कई देश जहां कृषि अवशेषों और अन्य अपशिष्ट बायोमास से इथेनॉल का उत्पादन करते हैं। वहीं भारत इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना, चावल और मक्का पर निर्भर है। गन्ना व धान मिलकर देश के कुल सिंचाई जल का करीब 70% उपयोग करते हैं।
विमान ईंधन में एथेनॉल मिलाने की बात गलत:केंद्र
एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी विमान ईंधन में एथेनॉल मिलाने के आरोपों पर सरकार ने सफाई दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने गुरुवार को पोस्ट किया, जिसमें लिखा है कि विमान ईंधन में एथेनॉल मिलाने का सरकार का कोई प्रस्ताव या योजना नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने यह पोस्ट आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस आरोप पर आया है जिसमें उन्होंने कहा था सरकार विमान ईंधन में एथेनॉल मिलने की तैयारी कर रही है। नायडू ने पोस्ट में लिखा कि एटीएफ में एथेनॉल मिलाने की खबर पूरी तरह गलत है।


















