रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र से पहले कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति बनाने में जुट गई है। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले 12 जुलाई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें सदन में उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों, स्थगन प्रस्तावों और विपक्ष की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे।
शाम 5 बजे उनके सरकारी आवास पर होने वाली बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक शामिल होंगे। बैठक में पांच दिवसीय सत्र के दौरान सरकार को विभिन्न जनहित और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रूपरेखा तय की जाएगी।
नकटी बुलडोजर कांड पर रहेगा विशेष फोकस
सूत्रों के मुताबिक नई राजधानी क्षेत्र के ग्राम नकटी में बारिश के दौरान गरीब ग्रामीणों के मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने का मामला कांग्रेस की रणनीति का सबसे बड़ा मुद्दा होगा। पार्टी इस मामले में सरकार से जवाब मांगने के साथ सदन में आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है। यदि सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विपक्ष के हंगामा करने की भी संभावना जताई जा रही है।
बैठक में विधायकों को इस मुद्दे से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएंगे। कांग्रेस यह भी उठाएगी कि भूपेश बघेल सरकार के दौरान नकटी में ग्रामीणों को विस्थापित कर विधायक कॉलोनी बनाने का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया था, जबकि भाजपा सरकार बनने के बाद आवास एवं पर्यावरण विभाग ने 4 अक्टूबर 2024 को अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए।
इन मुद्दों पर भी सरकार को घेरेगा विपक्ष
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रदेश के कई अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इनमें किसानों के लिए खाद की कमी, कालाबाजारी, खराब कानून-व्यवस्था, सक्ती में युवती की हत्या, जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताएं, विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार, बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर की शिकायतें, शराब की ओवररेटिंग, अवैध शराब बिक्री और अवैध रेत खनन जैसे विषय शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रत्येक दिन एक बड़े मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा, ताकि सरकार को सदन में लगातार जवाबदेह बनाया जा सके।


















