छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देख रही छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। Azim Premji Foundation की ओर से छात्रवृत्ति योजना के नए सत्र की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि पैसों की कमी उनकी पढ़ाई और करियर के रास्ते में बाधा न बने। फाउंडेशन का मानना है कि शिक्षा के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे वे अपनी कॉलेज शिक्षा, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षणिक जरूरतों का खर्च वहन कर सकेंगी।
किसे मिलेगा छात्रवृत्ति योजना का लाभ?
- इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें तय की गई हैं. योजना के तहत वे ही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने अपनी 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं किसी पात्र राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के शासकीय (सरकारी) विद्यालयों से नियमित छात्रा के रूप में पास की हों.
- इसके साथ ही, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएशन (स्नातक) या डिप्लोमा कोर्स के पहले वर्ष में प्रवेश लेना अनिवार्य है.
कब से शुरु होगा आवेदन?
- शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी.
- छात्राओं और उनके अभिभावकों से विशेष अपील की गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
- यदि कोई छात्रा इस चरण में आवेदन नहीं कर पाती है, तो उनके लिए दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक भी संचालित किया जाएगा.
पिछले वर्ष 827 छात्राओं को मिली थी स्कॉलरशिप
बीते शैक्षणिक सत्र की बात करें तो जिले के 22 महाविद्यालयों की कुल 827 छात्राओं को इस योजना का सीधा लाभ मिला था. इन छात्राओं के खातों में कुल 2 करोड़ 48 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि ट्रांसफर की गई थी. इस बार प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक इस योजना की पहुंच बनाई जाए.

















