Haldi Wala Doodh Pine Ke Fayde : आयुर्वेद में दूध और हल्दी, दोनों को ही सेहत के लिए वरदान माना जाता है। सर्दियों में इन दोनों का सेवन एक साथ करने से सेहत को कई गजब के फायदे मिलते हैं। जी हां, आज बात करेंगे ‘गोल्डन मिल्क’ से सेहत को मिलने वाले फायदों के बारे में। रोजाना रात को इस दूध का सेवन करने से शरीर को कई समस्याओं से बचे रहने में मदद मिलती है। गोल्डन मिल्क, जिसे हल्दी वाला दूध भी कहा जाता है, दूध और हल्दी से बना एक गर्म पेय है जिसमें अदरक, दालचीनी, और काली मिर्च जैसे कई मसाले मिलाए जाते हैं। यह दूध सूजन-रोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होने की वजह से प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर जोड़ों के दर्द को कम करने, और मस्तिष्क के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। आइए जानते हैं सेहत से जुड़े इसके फायदे।
हल्दी वाला दूध पीने से सेहत को मिलते हैं ये 5 बड़े फायदे
सर्दी-जुकाम से राहत
सर्दियों में व्यक्ति को सबसे ज्यादा सर्दी-जुकाम परेशान करता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह वायरस ठंडे, शुष्क मौसम में ज्यादा फैलते हैं। लेकिन हल्दी में मौजूद करक्यूमिन इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाकर सर्दी-जुकाम, फ्लू और मौसमी संक्रमण से बचाव में बहुत मददगार है।
सूजन में आराम
जोड़ों का दर्द, गठिया, मांसपेशियों में दर्द और पुरानी सूजन वाली बीमारियों में भी हल्दी का दूध पीने से फायदा मिलता है। गोल्डन मिल्क में मौजूद करक्यूमिन (Curcumin) नामक शक्तिशाली सूजन-रोधी (anti-inflammatory) और एंटीऑक्सीडेंट गुण दर्द, सूजन और अकड़न को कम करने में मदद करते हैं।
ब्लड शुगर कंट्रोल करता है हल्दी वाली दूध
हल्दी वाला दूध डायबिटीज रोगियों में इंसुलिन संवेदनशीलता बढ़ाकर सूजन कम करके ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नामक यौगिक रक्त शर्करा को नियंत्रित करने और शरीर को ग्लूकोज का बेहतर ढंग से उपयोग करने में सहायक होता है।
गले की खराश में तुरंत राहत
हल्दी अपने एंटी-वायरल और एंटी-बैक्टीरियल गुणों के कारण गले के इन्फेक्शन को ठीक करने में मदद करती है, खासकर जब इसमें काली मिर्च मिलाई जाती है, क्योंकि काली मिर्च में मौजूद पाइपेरिन हल्दी के मुख्य सक्रिय तत्व करक्यूमिन के अवशोषण और असर को कई गुना बढ़ा देती है, जिससे सूजन कम होती है और गले को जल्दी आराम मिलता है।
हड्डियों को मजबूत बनाता है
दूध का कैल्शियम और हल्दी के एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मिलकर हड्डियों को मजबूत बनाने, ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डी कमजोर होना) के खतरे को कम करने और जोड़ों के दर्द व सूजन से राहत दिलाने में बेहद फायदेमंद होते हैं।


















