भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, अब उनकी छठी मनाई जाएगी। हिंदू धर्म में बच्चे के जन्म के 6 दिन बाद छठी मनाई जाती है, यही परंपरा भगाम श्रीकृष्ण के जन्म के 6 दिन बाद निभाई जाती है। जिसे बाल गोपाल की छठी या लड्डू गोपाल की छठी के नाम से जाना जाता है। भगवान कृष्ण की छठी घर के साथ मंदिरों में भी धूमधाम से मनाई जाती है। इस दिन लड्डू गोपाल को विधि-विधान से स्नान कराकर नए वस्त्र पहनाए जाते हैं और उन्हें प्रिय भोग अर्पित किया जाता है। जानें इस बार लड्डू गोपाल की छठी कब मनाई जाएगी।
लड्डू गोपाल की छठी कब है: भगवान कृष्ण का जन्म भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। इस तरह से छठवें दिन यानी भाद्रपद माह की चतुर्दशी को मनाई जाएगी। इस तरह से इस साल लड्डू गोपाल की छठी 21 अगस्त को मनाई जाएगी।
बाल गोपाल की छठी पर बन पूजन मुहूर्त:
ब्रह्म मुहूर्त- 04:26 ए एम से 05:10 ए एम
अभिजित मुहूर्त- 11:58 ए एम से 12:50 पी एम
विजय मुहूर्त- 02:34 पी एम से 03:26 पी एम
गोधूलि मुहूर्त- 06:54 पी एम से 07:16 पी एम
अमृत काल- 05:49 पी एम से 07:24 पी एम
लड्डू गोपाल को छठी में किन चीजों का भोग लगाना चाहिए: भगवान कृष्ण की छठी पर कढ़ी चावल का भोग अत्यंत शुभ माना गया है। इसके अलावा आप माखन, मिश्री व मालपुआ आदि का भोग लगा सकते हैं।
कृष्ण छठी पूजा विधि- इस दिन सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान आदि से निवृत्त होकर स्वच्छ वस्त्र धारण करना चाहिए। एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं। अब बाल गोपाल की मूर्ति या प्रतिमा को चौकी पर विराजित करें। अब उन्हें पंचामृत से स्नान कराएं और नए कपड़े पहनाएं। अब बाल गोपाल को चंदन व टीका लगाएं और फूल-माला अर्पित करें। इसके बाद घी का दीपक जलाएं और आरती उतारें। अंत में प्रभु को भोग अर्पित करें।
बाल गोपाल की छठी पर बन रहे खास संयोग: इस बार लड्डू गोपाल की छठी पर सर्वार्थ सिद्धि योग का शुभ संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस योग में किए गए कार्य सफलतादायक होते हैं।



















