छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है. विभाग ने बुधवार (10 जून) को 28 अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की. शैक्षणिक सत्र के शुरू होने से पहले बड़ा बदलाव किया गया है. ट्रांसफर लिस्ट में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और सहायक संचालक जैसे पद शामिल हैं.
एमजी सतीश बने रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी
स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा ने ये लिस्ट जारी की है. आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा. आगामी आदेश इसी पद पर बने रहेंगे. एमजी सतीश कुमार को राजधानी रायपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है. इससे पहले वे नवा रायपुर स्थित लोक शिक्षण संचालनालय में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ थे. प्रभारी शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को लोक शिक्षण संचालनालय में प्रभारी उप संचालक बनाया गया है.



इन अधिकारियों का भी तबादला हुआ
रामेश्वर जायसवाल को बिलासपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है. राजेश कुमार पांडेय को बीजापुर के प्रभारी शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. डॉ के. वेंकट राव को दुर्ग संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय में प्रभारी उप संचालक की कमान दी गई है. बीएल देवांगन को लोक शिक्षण संचालनालय के प्रभारी उप संचालक पद से स्थानांतरित करते हुए महासमुंद जिले में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है.



















