रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 21 जून को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी रायपुर के समीप अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी करीब पौने पांच घंटे तक अभनपुर में रहेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर स्वागत एवं भेंट-मुलाकात के बाद वे सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे। वहां वे शाम 5.30 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद रायपुर लौटकर शाम 6.45 बजे की नियमित उड़ान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत 20 से 29 जून तक अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसॉर्ट में कांग्रेस जिलाध्यक्षों का आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में जिलाध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क, फील्ड विजिट तथा सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर के दूसरे दिन राहुल गांधी विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के सभी राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट तथा पार्टी के प्रभारी सचिव भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी इस दौरान चर्चा होने की संभावना है।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए राज्य प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उनकी सुरक्षा के लिए विशेष बल तैनात किया गया है तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।


















