ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

Raipur News: स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी के बीच सफाई व्यवस्था पर सवाल

Raipur News: रायपुर में मई महीने के आखिरी सप्ताह में केंद्रीय दल स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए पहुंचने वाला है, लेकिन उससे पहले ही नगर निगम की सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। 5 मई की शाम हुई हल्की बारिश के बाद कई इलाकों में नालियों का कचरा सड़कों पर फैल गया, जिससे निगम की तैयारियों की पोल खुलती नजर आई।


स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए पिछले सप्ताह निगम आयुक्त विश्वदीप ने सभी सफाई ठेकेदारों और अधिकारियों की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे बैठक में उन्होंने लापरवाही मिलने पर सफाई ठेका निरस्त करने और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद कई वार्डों में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी काम पर नहीं पहुंचे।

6 मई को निगम की सफाई एवं स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणीग्रही ने जोन-10 अंतर्गत रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड का औचक निरीक्षण किया। यहां निर्धारित 38 कर्मचारियों के मुकाबले केवल 26 कर्मचारी सफाई कार्य करते मिले। 12 कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर स्वच्छता निरीक्षक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद संबंधित सफाई ठेकेदार पर 15 हजार रुपए जुर्माना लगाने और ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

इधर, जोन-5 क्षेत्र में नाले पर अवैध पाटा बनाकर सफाई व्यवस्था बाधित करने के मामले में भी कार्रवाई की गई। डीडीनगर वार्ड स्थित रिंग रोड के नाले पर एक कार सर्विसिंग सेंटर द्वारा करीब 50 मीटर लंबा पक्का पाटा बना दिया गया था। हल्की बारिश के दौरान इसी नाले का कचरा सड़क पर फैल गया। निगम अमले ने कार्रवाई करते हुए अवैध पाटा तोड़ दिया और नाले की सफाई कराई। Raipur News

इसके अलावा पास स्थित एक अस्पताल द्वारा बनाए गए चैंबर को भी हटाया गया। जोन कमिश्नर खीरसागर नायक ने बताया कि नाले पर अवैध कब्जे और सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर कार सर्विसिंग सेंटर पर 5 हजार तथा अस्पताल प्रबंधन पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पाटा हटाने के बाद नाले से दो ट्रक मलबा निकाला गया।

What's your reaction?

Related Posts