स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। सिलचर असम के सिलचर में कछार पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर देर रात शहर के दो नामचीन स्पा सेंटर्स पर एक साथ समानांतर छापेमारी की। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 28 महिलाओं को हिरासत में लिया है।
देर रात दो रसूखदार ठिकानों पर एक साथ छापा
कछार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में यह पूरी प्लानिंग की गई थी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार देर रात इम्पीरियल महल स्थित ‘लवली स्पा‘ (Lovely Spa) और क्लब रोड पर स्थित ‘लोटस स्पा‘ (Lotus Spa) पर एक साथ धावा बोला। पुलिस को इन ठिकानों पर स्पा की आड़ में एक संगठित सेक्स रैकेट सिंडिकेट चलाए जाने का इनपुट मिला था। जैसे ही पुलिस अंदर दाखिल हुई, वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
जनता में भारी आक्रोश, लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिलचर के कई स्पा सेंटर्स में अवैध वेश्यावृत्ति से जुड़ी शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। इस बड़े खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने इस घिनौने धंधे में शामिल और इसे संरक्षण देने वाले सभी रसूखदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
17 जून की गिरफ्तारी से जुड़े हैं तार!
पुलिस की इस बड़ी कामयाबी के पीछे कुछ दिन पहले हुए एक और खुलासे के तार जुड़े हैं। दरअसल, बीती 17 जून को पुलिस ने हाईवे पर स्थित ‘पारिजात रेस्टोरेंट-कम-स्पा सेंटर’ पर छापा मारा था। वहां से इसके संचालक जेपी दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस पूछताछ में जेपी दास से कई अहम सुराग और नए इनपुट मिले थे, जिसके बाद से शहर के कई स्पा सेंटर पुलिस के रडार पर थे।
कड़ी से कड़ी जोड़ रही है कछार पुलिस
अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस बैक-टू-बैक एक्शन मोड में है। बीते सोमवार को भी कछार पुलिस ने सेकंड लिंक रोड की गली नंबर 14 में स्थित एक मकान से अवैध वेश्यावृत्ति के आरोप में 4 महिलाओं और 3 पुरुषों को दबोचा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे रैकेट की जांच अभी जारी है और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जांच के दायरे में आए कई और ठिकानों पर भी ऐसी ही ताबड़तोड़ छापेमारी की जा सकती है।

















