अयोध्या, महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डा अब अगले फेज में पांच लाख वर्ग फुट में बनेगा. फिलहाल 871 एकड़ में विकसित हो रहे इस हवाई अड्डे के पहले चरण का शनिवार को लोकार्पण हो गया.
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनसभा में कहा कि इस वक्त यह एयरपोर्ट 65 हजार वर्ग फुट में है. अगले चरण में 2200 मीटर का रनवे 3700 मीटर का हो जाएगा. इसके बाद यहां प्रतिवर्ष 60 लाख यात्री आने लगेंगे. वर्तमान में इस एयरपोर्ट की क्षमता प्रतिवर्ष दस लाख यात्रियों की है. उन्होंने कहा कि आज ऐतिहासिक दिवस है.
हजारों वर्षों के इंतजार की घड़ी खत्म होने जा रही है. 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में श्रीविग्रह को स्थापित करने का कार्य पूर्ण होगा, जिससे सूर्यवंश समेत अयोध्या का वैभव लौट आएगा. भारत अब दुनिया में आर्थिक नक्षत्र के तौर पर उभर रहा है.
















