एक तरफ शहनाई की तैयारियां चल रही थीं, दूसरी तरफ मौत की पटकथा लिखी जा रही थी। केतन अग्रवाल अपनी होने वाली दुल्हन के साथ भविष्य के सपने संजो रहा था, लेकिन पर्दे के पीछे एक ऐसी साजिश पक रही थी, जिसका अंत 350 फीट गहरी खाई में हुआ। लोहागढ़ फोर्ट की यह कहानी सिर्फ एक कथित हत्या की नहीं, बल्कि प्यार, विश्वासघात और छल की ऐसी दास्तान है जिसने पिछले साल के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं।
Pune Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित लोहागढ़ मर्डर केस में जांच के दौरान एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस को आरोपी सिया गोयल की एक इंस्टाग्राम स्टोरी मिली है, जिसमें उसने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की मौत पर गहरा दुख जताया था। स्टोरी में लिखा गया था, “तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़कर चले गए… हम शादी के इतने करीब थे। मैं अब भी नहीं समझ पा रही हूं कि तुमने ऐसा क्यों किया? जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी तो मुझे छोड़कर क्यों चले गए।” यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है, जब पुलिस ने केतन की हत्या के आरोप में सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पासपोर्ट फाड़ा, सांप से डराया
20 साल की सिया गोयल इस शादी से खुश नहीं थी। वह अपने 22 साल के प्रेमी चेतन चौधरी के प्यार में पागल थी। केतन उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा कांटा था। इस कांटे को निकालने के लिए सिया ने एक ऐसा चक्रव्यूह रचा जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं।
केतन ने शादी से पहले सिया के लिए एक बेहद रोमांटिक बाली ट्रिप प्लान की थी। लेकिन सिया वहां नहीं, केतन को मौत के घाट पर ले जाना चाहती थी। दावा किया जाता है कि रास्ते में एक होटल के वॉशरुम में उसने चुपके से अपना ही पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया। बाहर आकर रोने का नाटक किया कि पासपोर्ट खो गया है। बाली ट्रिप कैंसिल हो गई। प्लान के मुताबिक, अब केतन को लोहागढ़ फोर्ट लाया गया।
14 जून को ही था निपटाने का प्लान
जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या की पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले 14 जून को भी वे केतन को इसी फोर्ट पर लाए थे। तब उन्होंने अचानक एक सांप का डर दिखाकर केतन को खाई में गिराने की कोशिश की थी। लेकिन उस दिन किस्मत केतन के साथ थी, वह बाल-बाल बच गया। मगर कातिल हार मानने वाले नहीं थे।
शादी के लिए बुक किया था 17 करोड़ में महल

केतन, महाराष्ट्र के पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ के जाने-माने कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन विशाल अग्रवाल के बेटे थे। उनकी शादी राजस्थान के उदयपुर में नवंबर में होनी थी। सूत्रों के मुताबिक, शादी के लिए दोनों के परिवारों ने जयपुर में एक महल 17 करोड़ रुपये में बुक किया था और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट प्लेन का इंतजाम किया था। तैयारियां जोरों पर थीं। एक रिश्तेदार ने कहा, ‘परिवार खुश थे। यह घटना दोनों परिवारों के लिए एक बहुत बड़ा सदमा है।’
प्रेम संबंध के चलते रची गई हत्या की साजिश
जांच एजेंसियों के अनुसार, सिया और चेतन ने योजनाबद्ध तरीके से केतन को लोहागढ़ किले पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद चेतन चौधरी ने केतन को पीछे से धक्का दिया, जिससे वह गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना को दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई थी, ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट भी साझा की गई थी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच लोणावला ग्रामीण पुलिस कर रही है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल रिकॉर्ड और आपसी बातचीत की विस्तृत पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जो पूरे घटनाक्रम की सच्चाई उजागर करेंगी।


















