फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ऑनलाइन ठगने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने डोमिनोज की फर्जी वेबसाइट बना ली थी. इसके बाद फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए ठगते थे. पुलिस ने बिहार से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. मुख्य आरोपी 12वीं पास है.
पुलिस के मुताबिक संतोषी नगर निवासी महिला ने डोमिनोज की वेबसाइट के जरिए डोमिनोज की फ्रेंचाइजी लेने के लिए संपर्क किया था. इसमें दिए गए मोबाइल नंबरों में कॉल करने पर महिला की अभिषेक मंडल से बातचीत हुई. अभिषेक ने उन्हें फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर अलग-अलग किस्त में कुल 27 लाख 77 हजार 500 रुपए ठग लिया. इसकी शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. साइबर ठग ने जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया था, तकनीकी जांच के जरिए पुलिस बिहार पहुंची. संदिग्ध खाताधारक बिहार शरीफ के एक मकान में थे. पुलिस ने छापा मारकर सिकंदर कुमार और सूरज कुमार को पकड़ लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार किया है.

















