छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. गुरुवार को गरियाबंद जिले के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की घटना सामने आई. इंदागांव, उदंती और जुगाड़ क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में सफेद ओलों की परत बिछ गई. इस बदलाव ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई है और वातावरण भी सुहावना हो गया है.
हाईवे पर बिछे ओले
गरियाबंद से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-130 पर इंदागांव से जुगाड़ तक सड़क पर ओले जमा हो गए, जिससे नजारा किसी ठंडे इलाके जैसा दिखने लगा है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न संभागों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है.
तेज हवाओं का असर
बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिनकी रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंडक घुल गई है. विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.
मौसम बदलने की वजह
मौसम में इस बदलाव की वजह दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन को माना जा रहा है, जो नागालैंड तक फैली हुई है. इसके अलावा एक अन्य मौसम प्रणाली पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से बांग्लादेश की ओर सक्रिय है. इन दोनों सिस्टम के असर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है.
गर्मी से राहत
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से गरियाबंद समेत राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था और लोग तेज धूप से परेशान थे. हालांकि अब हुई बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को राहत पहुंचाई है और गर्मी का असर कुछ कम हुआ है.


















