![](https://aajtakcg.com/wp-content/uploads/2024/04/Prajwal-Revanna-1024x719-1-780x470.jpg)
पुलिस के अनुसार, पेन ड्राइव के जरिये वीडियो लीक करने के आरोप में देवराजे गौड़ा को हिरियुर पुलिस ने चित्रदुर्ग जिले के गुलिहाल टोल नाका पर गिरफ्तार किया। कर्नाटक में 26 अप्रैल को मतदान से पहले प्रज्वल से कथित तौर पर जुड़े कई अश्लील वीडियो सामने आये थे।
देवराजे गौड़ा पर इन वीडियो को लीक करने का आरोप है, जिसे वह सिरे से खारिज कर चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता प्रज्वल रेवन्ना फरार है और इंटरपोल ने उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। उधर, दूसरे मामले में हासन जिले की 36 वर्षीय महिला की शिकायत पर गौड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता ने उसकी संपत्ति बेचने में मदद करने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण किया।
आरजेपी नेता एन नागेश को हिरासत में लिया: राज्य जनता पार्टी (आरजेपी) के नेता एन नागेश को अश्लील वीडियो मामले में हसन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के ठिकाने के बारे में जानकारी देने वाले को इनाम देने की पेशकश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी। इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विश्वास जताया था कि पुलिस प्रज्वल रेवन्ना मामले की कानूनी जांच करेगी और मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को स्थानांतरित करने की कोई आवश्यकता नहीं है।