राहुल गांधी ने वाशिम से शुरू की भारत जोड़ो यात्रा, पार्टी कई नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वाशिम जिले से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की। बता दें कि आज 16 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा का 70वां दिन है। इस यात्रा में आज सचिन पायलट भी शामिल होंगे।
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे सचिन पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट बुधवार को महाराष्ट्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। सचिन पायलट ने पहले भी भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत की थी। इससे पहले मंगलवार को पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा का असर विधानसभा चुनावों में नहीं बल्कि 2024 में होने वाले अगले संसदीय चुनावों में दिखाई देगा।
यात्रा को लेकर क्या बोले सचिन पायलट
इससे पहले राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा एक ऐतिहासिक आंदोलन है जिसका लाभ आने वाले दिनों में कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा था कि राहुल गांधी लोगों पर प्रभाव छोड़ रहे हैं। कांग्रेस समर्थक के अलावा आम लोग भी यात्रा को लेकर उत्साहित हैं। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा दिसंबर के पहले सप्ताह में भारत जोड़ो झालावाड़ से राजस्थान में प्रवेश करेगी।
भारत जोड़ो यात्रा का असर 2024 के चुनाव में दिखेगा
मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का असर 2024 के लोकसभा चुनावों में दिखाई देगा, न कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में दिखेगा। उन्होंने कहा आप पूछेंगे कि गुजरात या हिमाचल चुनाव पर क्या असर पड़ेगा। इस यात्रा का यहां कोई असर नहीं होगा।
अगले साल कश्मीर में खत्म होगी यात्रा
बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यह अगले साल कश्मीर में खत्म हो जाएगी। कांग्रेस ने एक बयान में दावा किया था कि यह भारत के इतिहास में किसी भी भारतीय राजनेता द्वारा सबसे लंबा पैदल मार्च है।