एक जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आएंगे कांकेर, करेंगे आमसभा को संबोधित

भाजपा जिला कांकेर के जिला समन्वय समिति की बैठक भाजपा कार्यालय कमल सदन कांकेर में हुई। कोर कमेटी के सदस्यों ने जिले में चल रहे पार्टी के कामकाज की समीक्षा की साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में से सम्पन्न हो चुके कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। कोर कमेटी के सदस्य विक्रम उसेण्डी ने बताया कि आगामी एक जुलाई को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की आमसभा होनी है जिसकी तैयारी हेतु चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार द्वारा गरीब, किसान, मजदूर वर्ग के लिए लाये गये जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने व उनके लाभार्थियों से मिलने भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
सम्पन्न हुए कार्यक्रमों की समीक्षा व आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन की चर्चा बैठक में की गई। उसेण्डी ने राज्य की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के सामने उजागर करने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ने जिले में चल रहे भाजपा संगठन के कार्यो की जानकारी बैठक में दी साथ ही कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आगामी दिनों में सड़क पर आंदोलन करने की बात कही। बैठक के बाद कमेटी के सदस्यों ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की कांकेर में होने वाली आमसभा के स्थल चयन हेतु शहर के नरहरदेव मैदान, मिनी स्टेडियम और मेलाभाठा स्थल का जायजा लिया गया।
इस बैठक में लोकसभा सांसद मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा, सुमित्रा मारकोले, भाजपा प्रदेश मंत्री महेश जैन, वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर सिंह राठौर, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजपा जिला सह संगठन प्रभारी दीपक साहू, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष हलधर साहू, जिला महामंत्रीद्वय बृजेश चौहान व दिलीप जायसवाल उपस्थित थे।