इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) हर साल कई तरह के टूर पैकेज निकालता है, जिसमें कई राज्यों और मशहूर मंदिरों की सैर करवाई जाती है। इस साल रेलवे ने दिव्य दक्षिण दर्शन टूर पैकेज निकाला है, जिसमें आप साउथ इंडिया के मशहूर मंदिरों के दर्शन आसानी से कर सकेंगे। सिर्फ यही नहीं आपको यात्रा फ्लाइट से करवाई जाएगी और रहने-खाने की भी सुविधा मिलेगी। इस टूर पैकेज को IRCTC के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ द्वारा संचालित किया जा रहा है। ये पैकेज 6 रातें और 7 दिन का होगा, जिसमें पर्यटकों को मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, एवं तिरुवनंतपुरम की सैर कराई जाएगी। चलिए आपको इस पैकेज की पूरी जानकारी देते हैं और बताते हैं कि आप बुकिंग कैसे कर सकते हैं।
लखनऊ से शुरू होगी यात्रा
13 जुलाई 2026 से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस टूर पैकेज में यात्रियों को लखनऊ से मदुरै तक और तिरुवनंतपुरम से वापस लखनऊ तक हवाई यात्रा की सुविधा दी जाएगी। आप लंबी ट्रेन वाले सफर से बच सकेंगे। बूढ़े-बुजुर्गों के लिए ये यात्रा सही और सुरक्षित रहेगी।
किन-किन जगहों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान यात्रियों को थिरुमलाई नायक महल, डॉ. अब्दुल कलाम स्मारक, सनसेट पॉइंट, विवेकानन्द रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर प्रतिमा, कुमारी अम्मन मंदिर, महात्मा गांधी स्मारक, सुचिन्द्रम मंदिर, पद्मनाभस्वामी मंदिर, वैक्स संग्रहालय, मीनाक्षी अम्मन मंदिर, पझमुदिरचोलै मंदिर, धनुषकोडी, रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग मंदिर जैसी खूबसूरत जगहों की सैर कराई जाएगी। ये सभी मंदिर और स्मारक काफी मशहूर हैं।
क्या मिलेगी सुविधा
IRCTC द्वारा शुरू किए जा रहे इस पैकेज में आपको फ्लाइट के अलावा रहने के लिए 3 स्टार होटल मिलेगा और साथ ही नाश्ते-खाने की व्यवस्था भी होगी। ऐसे में पर्यटकों को अलग से खाने या ठहरने की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
खर्चा कितना होगा
इस टूर पैकेज की बुकिंग अमाउंट कुछ इस प्रकार है- (सिंगल ऑक्यूपेंसी) एक व्यक्ति के लिए- ₹86,750 प्रति व्यक्ति, दो व्यक्तियों के लिए ₹64,900 प्रति व्यक्ति, (ट्रिपल ऑक्यूपेंसी) तीन व्यक्तियों के लिए ₹61,600 प्रति व्यक्ति, माता-पिता के साथ बच्चे के लिए (बेड सहित)- ₹50,300, माता-पिता के साथ बच्चे के लिए (बिना बेड)- ₹45,600 किराया देना होगा।
बुकिंग करने का तरीका
अगर आप इस यात्रा में शामिल होना चाहते हैं, तो उसके लिए अभी बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध करवाई जाएगी। बुकिंग के लिए आप गोमती नगर लखनऊ स्थित IRCTC कार्यालय जा सकते हैं या फिर ऑफिशियल बेवसाइट https://irctctourism.com से की जा सकती है। ध्यान रखें कि टूर पैकेज की बुकिंग ऑफिशियल साइट से ही करें। किसी भी तरह के फ्रॉड या जाल में न फंसें।


















