ब्रेकिंग खबरें

अपराध

भिलाई रेलवे स्टेशन से 18.6 किलो गांजा जब्त, ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार

भिलाई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध गुप्तचर शाखा की संयुक्त कार्रवाई में पावर हाउस रेलवे स्टेशन से 18.600 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 9.30 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर नागपुर जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को आरपीएफ अपराध गुप्तचर शाखा भिलाई के निरीक्षक ए.के. बारले को मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 के दुर्ग छोर पर एक युवक संदिग्ध बैगों के साथ बैठा है, जिसके पास बड़ी मात्रा में गांजा मौजूद है।

सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम विश्वनाथ साहू (26 वर्ष) निवासी जिला सुबर्णपुर, ओडिशा बताया।

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर जा रहा था। रायपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़े जाने के डर से वह बस के जरिए भिलाई पहुंचा था और रात में किसी ट्रेन से नागपुर जाने की योजना बना रहा था।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए आरोपी की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से तीन बैगों में कुल 18 पैकेट बरामद हुए। तलाशी के दौरान एक ट्रॉली बैग से 8.200 किलोग्राम, दूसरे ट्रॉली बैग से 8.300 किलोग्राम तथा एक पिट्ठू बैग से 2.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कुल जब्ती 18.600 किलोग्राम रही।

इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद गांजा की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

आरपीएफ ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी, जब्त गांजा और संबंधित दस्तावेजों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी भिलाई को सौंप दिया गया।

मामले में जीआरपी थाना भिलाई द्वारा अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

What's your reaction?

Related Posts