श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की ओर से 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 5-5 ट्रिप लगाएगी। इस विशेष सेवा का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना और नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करना है।
श्रावण मास में झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में देशभर से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए रेलवे हर वर्ष अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करता है। इस बार भी छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
बाबा बैद्यनाथ धाम जाने के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
- गाड़ी संख्या 08895 हर शनिवार (1, 8, 15, 22 और 29 अगस्त) को सुबह 4:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से रवाना होगी.
- ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर समेत कई स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी.
- वहीं, गाड़ी संख्या 08896 हर रविवार (2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त) को सुबह 9 बजे मधुपुर से चलेगी और अगले दिन 11:50 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पहुंचेगी.
- वापसी में भी ट्रेन रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी.
रेल यात्रियों को मिलेगी सुविधा
रेलवे ने जानकारी दी है कि इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें 4 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज एवं दिव्यांगजन) कोच शामिल हैं. श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है. रेलवे ने यात्रियों से समय रहते यात्रा की योजना बनाने और सफर से पहले ट्रेन का समय, स्टॉपेज व अन्य जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लेने की अपील की है, ताकि यात्रा सुगम और सुविधाजनक रहे.


















