रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित लाभांडी के शिवनाथ मोटर्स (महिंद्रा शोरूम) में वाहन बुकिंग और डाउन पेमेंट के नाम पर 10.24 लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम के एक टीम लीडर ने ग्राहकों से कंपनी के बजाय अपने निजी खाते में भुगतान करवाकर रकम हड़प ली। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमलेश्वर निवासी और शिवनाथ मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के एचआर मैनेजर सूरज ढलाई ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी नीरज चंद्राकर 16 फरवरी 2026 से 25 जून 2026 तक टीम लीडर के पद पर कार्यरत था। उसे वाहन खरीदने वाले ग्राहकों से संपर्क कर बुकिंग और डाउन पेमेंट की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
आरोप है कि नीरज चंद्राकर ने इस जिम्मेदारी का दुरुपयोग करते हुए ग्राहकों को कंपनी के खाते के बजाय अपने निजी यूपीआई आईडी और नकद के माध्यम से भुगतान करने के लिए राजी किया। इसके बाद न तो राशि कंपनी के खाते में जमा हुई और न ही ग्राहकों की वाहन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने 11 ग्राहकों से अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख 24 हजार 853 रुपये वसूले। इनमें राजकुमार जैन, सीमा बेदी, हर्षवीर सिंह, अजित कुमार मंडावी, प्रशांत सिंह, रजत शर्मा, देवचरण निषाद, अजय सिंह, हर्ष भगत, जितेंद्र कुमार तिवारी और सुस्तिका मेश्राम शामिल हैं।
जांच के दौरान तब मामले का खुलासा हुआ, जब ग्राहकों ने वाहन की बुकिंग और डिलीवरी की जानकारी मांगी। कंपनी के रिकॉर्ड में उनके भुगतान का कोई विवरण नहीं मिला। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने आंतरिक जांच की, जिसमें पता चला कि ग्राहकों से ली गई पूरी राशि कंपनी के खाते में जमा ही नहीं हुई थी।
शोरूम प्रबंधन के अनुसार, जब आरोपी से हिसाब मांगा गया तो उसने पहले टालमटोल की और बाद में मोबाइल बंद कर फरार हो गया। इसके बाद कंपनी की ओर से तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


















