ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगरायपुर संभाग

रायपुर में युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद गंभीर रूप से झुलसने से मौत हो गई। युवक का अस्पताल में सात दिनों तक इलाज चला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मामले में परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद साकिब के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि 12 जुलाई की शाम उसके दोस्त सोनू और अन्य युवक उसे शराब पार्टी के बहाने अपने साथ ले गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद साकिब और उसकी बाइक पर कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय साकिब अपनी बाइक पर बैठा था। आग लगने के बाद डायल-112 को सूचना दी गई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सात दिन बाद उसकी मौत हो गई।

परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी सोनू ब्लिंकिट में डिलीवरी पार्टनर के रूप में काम करता है और वह साकिब पर भी इसी काम को करने का दबाव बना रहा था। हालांकि, घटना का कारण और इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इधर, मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका आरोप है कि पुलिस जांच की रफ्तार धीमी है।

What's your reaction?

Related Posts