ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में 69% खरीफ बोनी पूरी, किसानों को 9.22 लाख मीट्रिक टन खाद और 4.12 लाख क्विंटल बीज वितरित

रायपुर। प्रदेश में मानसून की सक्रियता के साथ खरीफ सीजन की खेती रफ्तार पकड़ चुकी है। 22 जुलाई की स्थिति में राज्य में 48.69 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 33.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 69 प्रतिशत है। धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बुवाई तेजी से जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज आसानी से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण सुनिश्चित कर वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए है।

कृषि विभाग के अनुसार, अब तक किसानों को 9.22 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है, जिसके मुकाबले 4.70 लाख क्विंटल का भंडारण किया गया और अब तक 83 प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप वितरण पूरा हो चुका है।

उर्वरकों की बात करें तो इस सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सहकारी एवं निजी क्षेत्र में 14.57 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है, जिनमें से 9.22 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का 59 प्रतिशत है।

बारिश की स्थिति पर विभाग ने बताया कि 22 जुलाई की सुबह तक प्रदेश में औसतन 389.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। पिछले दस वर्षों के आधार पर इस अवधि की औसत वर्षा 421.5 मिमी रही है।

किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण का वितरण भी जारी है। 21 जुलाई तक किसानों को 6633.71 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 5560.34 करोड़ रुपये थी। राज्य सरकार ने चालू खरीफ सीजन में किसानों को 8800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

What's your reaction?

Related Posts