बिलासपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत बीना स्टेशन पर तीसरी लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। अधोसंरचना विकास के इस कार्य के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। इसमें रानी कमलापति-संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ अन्य ट्रेनों के रूट बदले गए हैं और कुछ को रास्ते में ही समाप्त और प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इस कार्य के कारण 22169 रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रानी कमलापति स्टेशन से रद्द रहेगी। इसी तरह 22170 संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को संतरागाछी स्टेशन से कैंसिंल रहेगी। इसके अलावा रेलवे ने शालीमार एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग (डायवर्टेड) से चलने का निर्णय लिया है।
22830 शालीमार-भुज एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को शालीमार से चलने वाली यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग व्हाया बीना मालखेड़ी-महादेवखेड़ी-गुना-रूठियाई-मक्सी होकर भुज जाएगी। 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को भुज से चलने वाली ट्रेन परिवर्तित मार्ग व्हाया मक्सी-रूठियाई-गुना-महादेवखेड़ी-बीना मालखेड़ी होकर जाएगी। वहीं 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस 6 से 14 अक्टूबर तक बिलासपुर से छूटने वाली यह ट्रेन बीना मालखेड़ी जंक्शन में समाप्त होगी। यह ट्रेन बीना मालखेड़ी और भोपाल के बीच रद्द रहेगी। 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस 7 से 15 अक्टूबर तक भोपाल के बजाय बीना मालखेड़ी जंक्शन से बिलासपुर के लिए रवाना होगी।


















