ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

सात माह में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2459 पर कार्रवाई

बिलासपुर। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जनवरी से अब तक सात माह के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 2459 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं, बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1379 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच हादसों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है। इसके बाद इस समयावधि को विशेष निगरानी के दायरे में रखा गया है। रोजाना अलग-अलग स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग प्वाइंट लगाकर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों की जांच की जा रही है।

नशे में वाहन चलाने वालों पर धारा 185 में कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से अब तक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले 2459 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों को न्यायालय भेजा गया, जहां संबंधित वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया गया।
पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। इसलिए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

1379 लाइसेंस निलंबित
यातायात नियमों के गंभीर या बार-बार उल्लंघन पर लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सात महीने में 1379 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शराब पीकर वाहन चलाने के अलावा तेज और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग, रॉन्ग साइड वाहन चलाना, गलत लेन में जाना, लाल बत्ती का उल्लंघन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

आईटीएमएस से ऑनलाइन चालान
यातायात पुलिस द्वारा आईटीएमएस के माध्यम से यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान भी किए जा रहे हैं। स्टंटिंग, वाहन चलाते समय हुड़दंग, खतरनाक या लहराकर वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट और अन्य गंभीर उल्लंघनों को भी कार्रवाई के दायरे में रखा गया है। इसके अलावा हूटर और प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्ती की जा रही है। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर नियमित चालानी कार्रवाई जारी है।

शाम होते ही बढ़ेगी निगरानी
सड़क दुर्घटनाओं के समय के विश्लेषण के बाद शाम 6 से रात 12 बजे तक विशेष चेकिंग पर जोर दिया जा रहा है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट और स्टॉपर लगाकर वाहन चालकों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सड़क हादसों को रोकना है।

What's your reaction?

Related Posts