देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह का केंद्रीय विषय ‘युवा शक्ति और 2047 तक विकसित भारत’ रहेगा। आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समारोह में युवाओं की भूमिका, नवाचार, राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को विशेष रूप से प्रमुखता दी जाएगी।
इस वर्ष समारोह की एक खास विशेषता ‘वंदे मातरम्’ से भी जुड़ी होगी। वर्ष 2026 में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में पहली बार लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया जाएगा, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत लाल किले को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। प्राचीर के दोनों ओर फूलों की सजावट में भी ‘वंदे मातरम्’ थीम को प्रमुखता दी जाएगी। देशभक्ति, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और राष्ट्रीय गौरव को दर्शाने वाली सजावट समारोह को और भव्य बनाएगी।
लाल किले के सामने ज्ञान पथ पर NCC और मेरा युवा भारत के करीब 2500 छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक वंदे मातरम् की आकृति बनाएंगे. प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद NCC कैडेट और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन करेंगे. इसके बाद राष्ट्रगान होगा. राष्ट्रगीत के दौरान सभी लोगों को सावधान की मुद्रा में खड़े होने के लिए कहा जाएगा. भारतीय वायुसेना का हेलिकॉप्टर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की याद में बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और वहां मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा.
देशभर में 343 जगहों पर बैंड प्रदर्शन
8 से 15 अगस्त के बीच देशभर में विशेष बैंड प्रदर्शन भी होंगे. सेना, नौसेना, वायुसेना, भारतीय तटरक्षक, NCC, CRPF, ITBP, CISF, SSB, BSF, IDS, RPF और असम राइफल्स के बैंड 343 प्रमुख स्थानों पर प्रस्तुति देंगे. इस बार समारोह में भारत की युवा प्रतिभा और उपलब्धियों को खास जगह दी गई है. 2026 के इंटरनेशनल फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथेमेटिक्स ओलंपियाड के 19 पदक विजेता छात्रों को समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है.
युवा छात्रों के लिए होगी विशेष व्यवस्था
लाल किले की प्राचीर पर युवा छात्रों के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था होगी. इसके अलावा युवा इनोवेटर्स, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के इंटर्न, स्टार्टअप्स, PM कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित युवा, MY Bharat Volunteers और विभिन्न सरकारी योजनाओं के युवा लाभार्थियों को भी विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया गया है. दिल्ली सरकार के स्कूलों के उन छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने अलग-अलग क्विज और प्रतियोगिताओं में उपलब्धियां हासिल की हैं.
विकसित भारत @2047 की झलक
समारोह में भारत की न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी, स्पेस और टेक्नोलॉजी में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया जाएगा. गार्ड ऑफ ऑनर क्षेत्र में विशेष फूलों की सजावट और बैकड्रॉप के जरिए भारत की विकास यात्रा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दर्शाया जाएगा. विकसित भारत @2047 के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को भी समारोह में विशेष सम्मान दिया जाएगा. इनमें PM मुद्रा योजना की महिला उद्यमी, PMAY(U) के लाभार्थी, वैज्ञानिक और इनोवेटर्स, भारत टैक्सी के सारथी, PM सूर्य घर योजना के लाभार्थी, PM विश्वकर्मा योजना के कारीगर और किसान शामिल हैं.
झीलों के नाम पर होंगे बैठने के एनक्लोजर
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैठने के एनक्लोजर इस बार भारत की प्रमुख झीलों के नाम पर रखे जाएंगे. इससे पहले गणतंत्र दिवस समारोह में इन एनक्लोजर का नाम प्रमुख नदियों के नाम पर रखा गया था. स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू होगी और आमंत्रित लोगों के लिए मुफ्त रहेगी. आगंतुकों की मदद के लिए मेरा युवा भारत और NCC के करीब 200 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे.
जरूरतमंद लोगों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था
जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा क्लोक रूम, पीने का पानी, शौचालय और बारिश से बचने के लिए रेन पोंचो की व्यवस्था की जाएगी. 15 अगस्त समारोह में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए सभी पार्किंग स्थानों की जानकारी Google Maps और Mappls पर उपलब्ध रहेगी और रास्तों पर पर्याप्त साइनेज लगाए जाएंगे.


















