रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में अधोसंरचना विकास कार्यों के तहत भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते 22 और 23 जुलाई 2026 को कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 22 जुलाई को रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733), बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) तथा रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68746) रद्द रहेंगी। वहीं 23 जुलाई को कोरबा-रायपुर मेमू पैसेंजर (68745) भी रद्द रहेगी।
इसके अलावा 22 जुलाई को झारसुगुड़ा और गोंदिया से चलने वाली 68862/68861 झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर का परिचालन भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन में ही समाप्त और प्रारंभ होगी। परिणामस्वरूप बिलासपुर-गोंदिया-बिलासपुर खंड में इसका परिचालन रद्द रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह कार्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए किया जा रहा है। ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने से ट्रेनों की आवाजाही में दक्षता बढ़ेगी और भविष्य में परिचालन क्षमता में सुधार होगा।
यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलवे हेल्पलाइन या संबंधित स्टेशन से प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


















