ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

कबीरधाम में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 59 पौवा देशी शराब और वाहन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 59 पौवा देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।

जिला कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह ध्रुवे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग शराब दुकानों से मदिरा खरीदकर उसे संग्रहित कर आसपास के गांवों में अवैध रूप से बिक्री के लिए सप्लाई कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं जिला उड़नदस्ता प्रभारी मनोज राठौर के नेतृत्व में टीम का गठन कर पंडरिया-मुंगेली रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की ड्रीम नियो मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन में रखी एक बोरी से 59 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबाबू सत्यम उर्फ राजा सोनवानी और द्वारिका गोयल, दोनों निवासी पंडरिया के रूप में हुई है।

आबकारी विभाग ने आरोपियों के कब्जे से बरामद शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 4,720 रुपये है, तथा लगभग 35 हजार रुपये मूल्य की ड्रीम नियो मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है।

आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अभिनव आनंद बक्सी, निरीक्षक रिखीराम, भूपेंद्र कुमार साहू, नवराति कुजूर, मुख्य आरक्षक कमल मेश्राम, जगदीश उइके, विद्या सिंह परमार तथा आरक्षक इम्तियाज खान, अमर पिल्ले, भूपेंद्र साहू, कामिनी और मेघा सहित विभागीय टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

What's your reaction?

Related Posts