Bilaspur Crime News: बिलासपुर। सकरी पुलिस ने चोरी के एक मामले का चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपए मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। मामले के खुलासे में डॉग स्क्वॉयड और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार साई नगर उसलापुर निवासी नीता बघेल ने थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कृष्णा अस्पताल में झाडू-पोंछा का कार्य करती है। 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने अपने घर में ताला लगाया था। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखी आलमारी से चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी के दो कमरबंद, कान का सोना का जेवर एक जोड़ी, सोने की फुल्ली तथा एक हजार रुपए गायब था। एसएसपी के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच टीम में पुलिस डॉग को शामिल किया गया। डॉग घटनास्थल से सीधे साईं नगर उसलापुर स्थित विकास चतुर्वेदी और अमन टंडन के घर पहुंच गया। दोनों युवकों से पूछताछ की गई। सख्ती बरतने पर उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया। Bilaspur Crime News
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास चतुर्वेदी 24 वर्ष निवासी ग्राम पंचायत धरमपुरा थाना जरहागांव जिला मुंगेली वर्तमान निवासी सांई नगर उस्लापुर, अमन टंडन 20 वर्ष निवासी बैगाकापा थाना लालपुर जिला मुंगेली वर्तमान निवासी सांई नगर उस्लापुर थाना सकरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सभी जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। खुलासे में सकरी पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग मास्टर राम मिलन सिंह की विशेष भूमिका रही।

















