रायपुर/बिलासपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ की सीमा तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार-पांच दिनों में दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मानसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे खरीफ फसल की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। (Aaj ka mausam kaisa rahega)
मानसून की वर्तमान उत्तरी सीमा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारीपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और उमस भी बनी हुई है।
14 से 20 जून तक छिटपुट बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 14 से 20 जून के बीच छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। खासकर 14 से 19 जून तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। (aaj ka mausam ka hal bataiye)
बिलासपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से उमस भरा मौसम है। मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने से तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसानों, बिजली विभाग और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कृषि विशेषज्ञों की सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि खेतों की अंतिम तैयारी पूरी रखें, लेकिन भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में बीज उपचार और बुआई का फैसला स्थानीय मौसम पूर्वानुमान देखकर ही लें। तेज हवा और बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदानों में काम करने से बचें।
मौसमी सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश पर कई मौसमी प्रणालियों का प्रभाव है। समुद्र तल पर सक्रिय ट्रफ पश्चिमी राजस्थान से होते हुए बिहार-झारखंड तक फैला हुआ है। निचले और ऊपरी क्षोभमंडल में ट्रफ की सक्रियता से वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे बादलों का विकास हो रहा है। यदि परिस्थितियां यथावत रहीं तो अगले सप्ताह तक मानसून दक्षिणी छत्तीसगढ़ से आगे बढ़कर प्रदेश के बड़े हिस्से को कवर कर सकता है।
तापमान
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.6 डिग्री रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बिलासपुर सहित कई इलाकों में एक-दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
आगामी मौसम का पूर्वानुमान
- 14 से 19 जून: गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा, झोंके 60 किमी/घंटा तक)
- दक्षिणी छत्तीसगढ़ में मानसून प्रगति के अनुकूल हालात
- मध्य छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार
- तापमान में गिरावट, उमस से राहत
ये खबरें पढ़ना न भूले
- भारतमाला मुआवजा घोटाले की जांच तेज, धमतरी में ठेकेदार दीपेश गांधी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
- हवाई यात्रियों को झटका: IndiGo का एक्स्ट्रा बैगेज अब महंगा, जानें नया अपडेट
- वायुसेना अधिकारी की पत्नी से कथित दुष्कर्म और धर्मांतरण के दबाव का आरोप, आरोपी फरार; वीडियो वायरल
- छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू, 17 जुलाई तक चलेगा; अधिसूचना जारी
- NEET परीक्षा को लेकर सरकार का बड़ा कदम, 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी रोक

















