रायपुर। आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों और दोपहिया वाहनों की चोरी की आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कुल आठ चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात तथा चोरी और वारदात में प्रयुक्त दो एक्टिवा वाहन सहित करीब 4.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डी.डी. नगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी आशुतोष सिंह उर्फ सूरज और साहिल सोनकर को गिरफ्तार किया। मामले में पहले ही सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह बनाकर चोरी की दोपहिया वाहनों में घूमते थे और आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इसी कारण आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में पांच सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा थाना डी.डी. नगर क्षेत्र से दो तथा थाना राखी क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी किया था। इस प्रकार कुल पांच नकबजनी और तीन वाहन चोरी सहित आठ मामलों का खुलासा हुआ है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ सिंह के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी की एक दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य सामान सहित लगभग 4 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया था। वहीं, अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात और दो एक्टिवा वाहन सहित लगभग 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों से अब तक कुल 8.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया जा चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने थाना डी.डी. नगर और राखी क्षेत्र में चोरी एवं नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
मामले में थाना डी.डी. नगर और थाना राखी में दर्ज चोरी एवं वाहन चोरी के विभिन्न प्रकरणों की जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


















