रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद् (कैबिनेट) की बैठक 9 जून को सुबह ग्यारह बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। कैबिनेट की बैठक में अधिकारियों-कर्मचारियों के थोक तबादले पर लगी रोक हटाने और नई स्थानांतरण नीति पर मुहर लगाए जाने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व कस्टम मिलिंग नीति को लेकर भी चर्चा संभव है। कैबिनेट में प्रदेश में चालू खरीफ सीजन 2026-27 के लिए किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता तथा प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार की समीक्षा हो सकती है। इसी प्रकार राज्य सरकार सुशासन तिहार खत्म होने के साथ ही 9 जून को सीएम हेल्पलाइन 1076 सेवा शुरू करने जा रही है। इस पर भी कैबिनेट में विचार-विमर्श होगा। इसके तहत टोल-फ्री कॉल, वेब पोर्टल, मोबाइल एप व वॉट्सएप के जरिए आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। इसके अलावा किसानों व कर्मचारियों के हितों और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा दिए जाने सहित विभिन्न विभागों के प्रस्तावों का भी अनुमोदन किया जा सकता है।



















