छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। कई जिलों में बारिश का दौर थमने से उमस और गर्मी बढ़ गई है, जबकि किसान भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की खबर देते हुए बताया है कि प्रदेश में जल्द ही मानसून फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होंगी। इसके चलते निर्धारित तारीख से कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने इसे देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लिए अलर्ट भी जारी किया है।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. रायपुर में बादल छाए रहने, बीच-बीच में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है.
नया वेदर सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग की मानें तो मौजूदा वक्त में 2 वेदर सिस्टम एक्टिव हैं. पहला साइक्लोनिक सर्कुलेशन पूर्वी यूपी पर जबकि दूसरा उत्तर-पश्चिम बिहार और उससे लगे क्षेत्रों में बना हुआ है. इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं मध्य भारत और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही हैं. इससे बादलों का निर्माण और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं.
आज से बारिश के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से इन वेदर सिस्टम का प्रभाव और बढ़ेगा, जिससे बारिश में बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में 13 जुलाई से बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है.


















