रायपुर। घर में काम करने वाली नौकरानी द्वारा लाखों रुपये की चोरी करने का मामला सामने आया है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस और एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से चोरी की पूरी रकम 2.50 लाख रुपये और लॉकर बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी देवाशीष गुरू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल क्षेत्र में परिवार सहित रहता है और फरवरी 2026 से प्रिया ढीढी (19 वर्ष), निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद, को घर के काम और बच्चे की देखभाल के लिए रखा था।
घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब प्रार्थी अपने मित्र की शादी में बेमेतरा गया हुआ था और उसकी पत्नी बच्चे के साथ शंकर नगर में थी। इस दौरान घर में नौकरानी प्रिया ढीढी अकेली थी। रात करीब 8 बजे पता चला कि वह घर से गायब है और बेडरूम की अलमारी खुली हुई है। जांच करने पर लॉकर सहित उसमें रखी 2,50,000 रुपये नगद राशि भी गायब मिली।
मामले में थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 160/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर टीम ने कार्रवाई तेज की।
जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी महिला लॉकर लेकर जाते हुए दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
आखिरकार पुलिस ने आरोपी प्रिया ढीढी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नगदी रकम 2,50,000 रुपये और लॉकर बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




















